पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री को बड़ा झटका, गायिका इंदर कौर की संदिग्ध मौत से सनसनी

पंजाब के लुधियाना से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पंजाबी गायिका इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर का शव नीलो नहर से बरामद किया गया। 29 वर्षीय गायिका पिछले छह दिनों से लापता थीं। पुलिस ने मंगलवार सुबह उनका शव बरामद किया, जिसके बाद पूरे पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक और सनसनी का माहौल बन गया। परिवार का आरोप है कि इंदर कौर का अपहरण किया गया था और उन पर शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

परिवार के अनुसार, इंदर कौर 13 मई को घर से घरेलू सामान खरीदने के लिए निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। कई बार फोन करने के बावजूद जब उनसे संपर्क नहीं हो पाया, तो परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई और उनकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान परिवार ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति, जो इंदर कौर को जानता था, उन पर शादी करने का दबाव बना रहा था। इंदर कौर द्वारा प्रस्ताव ठुकराने के बाद हालात बिगड़ गए। पुलिस जांच में सुखविंदर सिंह नाम के एक आरोपी का नाम सामने आया है, जो मूल रूप से मोगा का रहने वाला है और फिलहाल कनाडा में रह रहा था। परिवार का दावा है कि आरोपी पहले से शादीशुदा था और घटना के बाद विदेश भाग गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इंदर कौर का बंदूक की नोक पर अपहरण किया गया था।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अपहरण, हत्या और निजी विवाद समेत हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने न केवल परिवार बल्कि पंजाबी संगीत जगत को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आरोपी की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *