केरल की केजिया लीज मेजो ने जयपुर में आयोजित Miss Universe India 2026 के ग्रैंड फिनाले में खिताब अपने नाम कर लिया। 23 अगस्त को हुए इस फिनाले में देशभर से 52 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 19 वर्षीय केजिया मॉडल होने के साथ-साथ लॉ की पढ़ाई भी कर रही हैं।

कड़े मुकाबले में तमिलनाडु की वैष्णवी गणेश फर्स्ट रनर-अप, जबकि गुजरात की अनुश्री सातवलेकर सेकेंड रनर-अप रहीं। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को सिर्फ खूबसूरती ही नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, कम्युनिकेशन स्किल, प्रतिभा और भारतीय संस्कृति की समझ के आधार पर भी परखा गया। फिनाले में सुष्मिता सेन, उर्वशी रौतेला और सेलिना जेटली जैसी प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं।
खिताब जीतने के बाद केजिया ने इसे सिर्फ उपलब्धि नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी बताया। अब वह नवंबर 2026 में प्यूर्टो रिको में होने वाली 75वीं Miss Universe प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। केजिया ने कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की विविधता, संस्कृति, प्रतिभा और नई पीढ़ी की ताकत को दुनिया के सामने पेश करना चाहती हैं।
