भारतीय वायुसेना ने हिमाचल प्रदेश के कसौली क्षेत्र में लगी भीषण जंगल की आग पर काबू पाने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया। वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने विशेष बकेट की मदद से सुखना झील से पानी उठाकर आग प्रभावित इलाकों में लगातार पानी गिराया, ताकि तेजी से फैल रही आग को रोका जा सके।

अधिकारियों के अनुसार तेज गर्मी, सूखे मौसम और तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे राहत और बचाव कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया। इसके बावजूद भारतीय वायुसेना की टीमें लगातार अभियान चलाती रहीं और कई बार उड़ान भरकर जंगलों में पानी गिराया गया। इस दौरान हेलीकॉप्टरों द्वारा आग प्रभावित पहाड़ियों पर पानी डालते हुए दृश्य भी सामने आए।
भारतीय वायुसेना ने कहा कि उसके जवान और पायलट चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद आग पर काबू पाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहे हैं। इस अभियान की तेज प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय की सराहना की जा रही है, जबकि स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।