ओडिशा के नयागढ़ जिले में मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। पुलिस के मुताबिक, करीब 40 यात्रियों को लेकर भुवनेश्वर जा रही एक बस नयागढ़ बाईपास पर सड़क के डिवाइडर से टकराने के बाद करीब 20 फीट नीचे धान के खेत में जा गिरी। हादसा लगभग रात 2 बजे हुआ, जब चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। बस डारिंगबाड़ी से भुवनेश्वर की ओर जा रही थी।

हादसे के बाद बस एक तरफ पलट गई और यात्रियों को बाहर निकलने में काफी परेशानी हुई। कई यात्रियों ने विंडशील्ड तोड़कर बस से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दुर्घटना में कम से कम 30 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और राहतकर्मियों की मदद से सभी घायलों को नयागढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए भुवनेश्वर रेफर किया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, अधिकांश घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना आखिर किन परिस्थितियों में हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस के डिवाइडर से टकराने के बाद नियंत्रण बिगड़ा और वह सड़क से नीचे खेत में जा गिरी।
