कर्नाटक के धारवाड़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 45 वर्षीय एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. किरण होन्नन्नावर की उनके अपार्टमेंट में चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

वहीं उनका आठ वर्षीय बेटा भी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, घटना शहर के कर्नाटक यूनिवर्सिटी रोड स्थित एक हाई-सिक्योरिटी अपार्टमेंट में हुई। शुरुआती जांच में किसी बाहरी व्यक्ति के घर में प्रवेश करने के संकेत नहीं मिले हैं।
घटना के समय घर में केवल डॉ. किरण, उनकी पत्नी और उनका बेटा मौजूद थे। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की पत्नी, जो स्वयं भी डॉक्टर हैं, को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि उनके बयान लगातार बदल रहे हैं, इसलिए मामले की गहराई से जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी के खिलाफ औपचारिक आरोप तय नहीं किए गए हैं।
परिजनों का आरोप है कि यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा हो सकता है, लेकिन पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर जांच जारी है।
