पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में सोमवार तड़के एक होटल में भीषण आग लगने से कम से कम 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हादसा उस समय हुआ जब होटल में ठहरे ज्यादातर लोग सो रहे थे। पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना सुबह करीब 5 बजे मिली।

आग चार मंजिला होटल की निचली मंजिल से शुरू हुई और तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। अधिकारियों के अनुसार, 22 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि करीब 11 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घायलों का उपचार रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली के शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी। पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घटना के बाद होटल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।

