दिल्ली कैबिनेट ने महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों के लिए DURGA योजना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह फैसला लिया गया। योजना के पहले चरण में कुल 1,300 पिंक इलेक्ट्रिक ऑटो आवंटित किए जाएंगे। इनमें 1,170 ई-ऑटो महिलाओं और 130 ट्रांसजेंडर लाभार्थियों के लिए रखे गए हैं।
सरकार के मुताबिक, योजना का उद्देश्य महिलाओं और ट्रांसजेंडर लोगों को स्वरोजगार और आजीविका के अवसर देना है। इसके साथ ही दिल्ली में सुरक्षित, स्वच्छ और टिकाऊ शहरी परिवहन को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया है। प्रत्येक राजस्व जिले में अधिकतम 90 ई-ऑटो महिलाओं और 10 ई-ऑटो ट्रांसजेंडर लाभार्थियों को दिए जाएंगे।
लाभार्थियों को ई-ऑटो का मालिक और चालक बनने का अवसर मिलेगा। आवेदन के लिए सरकार की ओर से एक अलग ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाएगा। सरकार के अनुसार, यह योजना महिलाओं की परिवहन क्षेत्र में भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ दिल्ली में खासकर सुबह और देर शाम के समय लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को मजबूत करने में भी मदद कर सकती है।

