डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस यानी DRI और BSF ने भारत-बांग्लादेश सीमा से जुड़े सोने की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग ऑपरेशनों में करीब 12 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 17 करोड़ रुपये बताई गई है। कार्रवाई पश्चिम बंगाल और बिहार में की गई।
अधिकारियों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में सीमा के पास अलग-अलग जगहों से सोने की कई खेप बरामद की गईं। इनमें 20 और 21 सितंबर को गोंगरा सीमा चौकी के इलाके में करीब 3.15 किलो और महाखोला इलाके में करीब 1.16 किलो विदेशी सोना बरामद किया गया। इससे पहले पाथेरगाटा क्षेत्र में सीमा बाड़ के पास करीब 5.9 किलो सोना भी बरामद किया गया था।
वहीं, पटना में DRI अधिकारियों ने एक ट्रेन यात्री के पास से करीब 1.71 किलो विदेशी सोना बरामद किया। जांच के मुताबिक, सोने को कपड़े के नी-कैप में छिपाकर ले जाया जा रहा था। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। DRI ने कहा कि कार्रवाई का उद्देश्य बांग्लादेश के रास्ते भारत में विदेशी सोने की तस्करी, परिवहन और वितरण से जुड़े नेटवर्क को रोकना है।

